ऑपरेशन मुस्कान के तहत सिंगरामऊ पुलिस ने बरामद की लापता महिला, पति को किया सुपुर्द
पति से नाराज होकर घर से निकली थी 45 वर्षीय गायत्री, पुलिस टीम ने बक्सा थाना क्षेत्र से सकुशल खोज निकाला
सिंगरामऊ (जौनपुर)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत सिंगरामऊ पुलिस ने घर से लापता हुई 45 वर्षीय महिला को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को साढ़ापुर निवासी गोविन्द निषाद ने थाने पहुंचकर अपनी पत्नी गायत्री (45) के लापता होने की सूचना दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक तारकेश्वरनाथ दूबे, कांस्टेबल रजत पाण्डेय और महिला कांस्टेबल चांदनी की टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने महिला की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गायत्री को बक्सा थाना क्षेत्र के उतरपट्टी गांव निवासी अपने बहनोई अक्षयलाल बिन्द के घर से सकुशल बरामद किया गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह पति से नाराज होकर बिना बताए घर से चली गई थी।
पुलिस टीम ने महिला को समझा-बुझाकर उसके पति गोविन्द निषाद के सुपुर्द कर दिया। महिला की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक तारकेश्वरनाथ दूबे, कांस्टेबल रजत पाण्डेय और महिला कांस्टेबल चांदनी शामिल रहीं।