जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष, पीट-पीटकर 37 वर्षीय युवक की हत्या
दूसरे गांव से आए 20-25 लोगों पर हमले का आरोप, घर के दरवाजे पर दिया वारदात को अंजाम
*संवाददाता :-माता चरण पांडे*
जौनपुर। तेजी बाजार थाना क्षेत्र के मैनुद्दीनपुर गांव में मंगलवार की सुबह जमीन संबंधी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दूसरे गांव से पहुंचे करीब 20 से 25 लोगों ने घर के दरवाजे पर ही 37 वर्षीय राकेश कुमार गौतम को घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने के कारण राकेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार गौतम का जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे इसी रंजिश को लेकर दूसरे गांव के दो दर्जन से अधिक लोग मैनुद्दीनपुर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने राकेश को उनके घर के सामने ही घेरकर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
युवक की हत्या की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
वारदात के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस जमीन विवाद समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हमले में शामिल आरोपितों की पहचान और उनकी भूमिका के संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।