पॉक्सो एक्ट के मामले में आरोपी गिरफ्तार, लखनऊ का रहने वाला है अभियुक्त
सिंगरामऊ पुलिस ने हाईवे से बरैया जाने वाले संपर्क मार्ग से सुबह 9:30 बजे दबोचा
सिंगरामऊ (जौनपुर)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंगरामऊ पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे के आरोपी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रवि कुमार तिवारी उर्फ अनुराग तिवारी पुत्र मनोज कुमार तिवारी निवासी ग्राम सरौरा, थाना सैरपुर, जनपद लखनऊ के रूप में हुई है।
सिगरामऊ प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही थी। इसी क्रम में मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ कार्रवाई करते हुए हाईवे से बरैया जाने वाले संपर्क मार्ग पर सुबह करीब 9:30 बजे अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त के खिलाफ थाना सिंगरामऊ में मु0अ0सं0 145/26 के तहत धारा 137(2), 65(1) बीएनएस एवं 5एल/6 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ लखनऊ जनपद के इटौंजा थाने में भी मु0अ0सं0 169/24 के तहत धारा 137(2), 351(3), 74 बीएनएस, 9/10 पॉक्सो एक्ट तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(5ए) में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, कांस्टेबल गोविन्द कुमार और कांस्टेबल विपिन गोंड शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।