प्रतापगढ़ : विकास भवन में शिफ्ट हुए विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों का डीएम ने किया निरीक्षण
जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर,*
प्रतापगढ़। प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी और जनोपयोगी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना के साथ विकास भवन में स्थानांतरित किए गए विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विकास भवन में संचालित जिला आपदा प्रबंधन कक्ष (डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट रूम), आईजीआरएस कक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) तथा ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (ईडीएम) कार्यालय का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यालयों के कार्य संचालन, व्यवस्थाओं और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आमजन की शिकायतों का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालयों में कार्य संचालन की व्यवस्था बेहतर और सुचारु रखी जाए, ताकि अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


