पत्रकारों के साथ अभद्रता और संवादहीनता पर डीजीपी सख्त*
सम्मानजनक व्यवहार के दिए निर्देश, पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ है :डी.जी.पी.*
*लखनऊ।* उत्तर प्रदेश में पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पत्रकारों के सम्मान को लेकर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पत्रकारों के साथ शालीनता और सम्मानपूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि मीडिया कर्मियों के साथ संवाद और सहयोग में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीजीपी ने पुलिस महकमे को निर्देशित किया है कि पत्रकारों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखा जाए और समाचारों से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न न की जाएं। पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और जनहित से जुड़े मुद्दों को समाज के सामने लाने में उनकी अहम भूमिका होती है। ऐसे में उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करना पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को यह भी संदेश दिया कि मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित करते समय संवेदनशीलता, शालीनता और सहयोग की भावना बनाए रखें। पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार अथवा समन्वय में लापरवाही को गंभीरता से लिया जा सकता है और ऐसी शिकायतों पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई भी हो सकती है।
डीजीपी के इस रुख को प्रदेश में पुलिस और पत्रकारों के बीच आपसी विश्वास, पारदर्शिता और बेहतर कार्य संबंध विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।