वैगनआर की टक्कर से रिटायर्ड पंचायत सचिव की मौत, चालक गिरफ्तार
पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा शव, अंतिम दर्शन के दौरान परिजनों में मचा कोहराम; हरदास पट्टी गांव में पसरा मातम
*बदलापुर। बक्शा थाना क्षेत्र के लखऊवा हाईवे पर सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सेवानिवृत्त पंचायत सचिव राय साहब सिंह (66) का शव पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को उनके पैतृक गांव हरदास पट्टी पहुंचा। शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, राय साहब सिंह पुत्र स्वर्गीय दान बहादुर सिंह, निवासी हरदास पट्टी थाना बदलापुर, पंचायत विभाग में सचिव पद से सेवानिवृत्त थे। सोमवार को किसी आवश्यक कार्य से जौनपुर आए थे। दोपहर करीब एक बजे वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान बक्शा थाना क्षेत्र के लखऊवा हाईवे पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित वैगनआर कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें 108 एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वैगनआर कार और उसके चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।