आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दिया गया प्राइमरी प्री-स्कूल प्रशिक्षण,
बच्चों के सर्वांगीण विकास पर दिया गया जोर
सिंगरामऊ।*क्षेत्र के फिरोजपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र पर अर्जुनपुर न्याय पंचायत के अंतर्गत आने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए प्राइमरी प्री-स्कूल (प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक अविनाश ने कार्यकत्रियों को प्रारंभिक शिक्षा के विभिन्न पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक तौर-तरीकों से अवगत कराया।
प्रशिक्षण में बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा प्रदान करने, उनकी दैनिक दिनचर्या को व्यवस्थित रखने, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा उम्र के अनुरूप शैक्षिक गतिविधियां संचालित करने के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही बच्चों को समय-समय पर पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने, उनके पोषण स्तर पर नजर रखने और कुपोषण से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षक अविनाश ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और बेहतर भविष्य की नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में कार्यकत्रियों को चाहिए कि वे बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ उचित पोषण, स्वास्थ्य और बेहतर संस्कार देने पर भी विशेष ध्यान दें, ताकि बच्चों का शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास बेहतर ढंग से हो सके।
इस अवसर पर संगीता शुक्ला, मालती यादव, मालती मिश्रा, नीलम सिंह, मंजू यादव, किरण यादव, रेखा सहित अर्जुनपुर न्याय पंचायत की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।