प्रतापगढ़ : साइबर अपराध और ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़*
जेठवारा पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा, 63 बैंक खातों का मिला रिकॉर्ड;*
प्रतापगढ़, 03 नवम्बर। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जेठवारा पुलिस ने साइबर अपराध और अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ग्राम मनीराम का पुरवा, खटवारा में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। अंकुश वर्मा की निशानदेही पर उसके घर से अतिरिक्त सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर बैंक खाते और सिम कार्ड खुलवाकर उनकी पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड एवं बैंकिंग विवरण साइबर अपराधियों और ऑनलाइन सट्टेबाजी के पैनल संचालकों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन में किया जाता था। बरामद रजिस्टर में 63 बैंक खातों का विवरण मिला है। समन्वय पोर्टल पर जांच में कुछ खातों के विरुद्ध अन्य राज्यों में भी ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतें सामने आई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अंकित पटेल निवासी संग्रामगढ़ प्रतापगढ़, रिशांक शेखर सिंह निवासी बलिया, के. सागर निवासी दुर्ग छत्तीसगढ़ तथा अंकुश वर्मा निवासी खटवारा जेठवारा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 क्यूआर कोड स्कैन पैड, आठ बैंक पासबुक, तीन चेकबुक, आठ आधार कार्ड व छायाप्रति, तीन पैन कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, पांच एंड्रॉयड मोबाइल, सिम कार्ड संबंधी सामग्री और एक रजिस्टर बरामद किया है। मामले में थाना जेठवारा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।