प्रतापगढ़: किसान सम्मान निधि में 60 करोड़ के घोटाले का आरोप, तीन गिरफ्तार*
तहसील की सरकारी आईडी से 3.18 लाख अपात्र लाभार्थियों की एंट्री का दावा, संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर भी शामिल*
प्रतापगढ़। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में कथित फर्जीवाड़े का साइबर थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कुंडा तहसील का संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर अनुराग गुप्ता भी शामिल है। आरोप है कि तहसीलदार की सरकारी पोर्टल आईडी और पासवर्ड जनसेवा केंद्र संचालकों को देकर अपात्र लोगों के नाम योजना में दर्ज कराए गए। पुलिस के अनुसार, मामले में 60 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी धनराशि के कथित घोटाले और करीब 3.18 लाख अपात्र लाभार्थियों के नाम दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों में शिव कुमार यादव, अनुराग गुप्ता और जितेंद्र कुमार शामिल हैं। पुलिस ने एक आईफोन, पांच मोबाइल, दो लैपटॉप, सात सिम कार्ड और एक बायोमेट्रिक डिवाइस बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अन्य संलिप्त लोगों और धनराशि के लेन-देन की जांच जारी है।


