मेढ़ा के ऐतिहासिक दंगल में जौनपुर केसरी राजबहादुर ने मारी बाजी*
रोमांचक मुकाबले में प्रयागराज के पहलवान राजेश को दी पटखनी, विजेता पहलवान का माल्यार्पण कर किया गया भव्य स्वागत
मेढ़ा, जौनपुर।** मेधा ऋषि की तपस्थली पर मेढ़ा ग्राम पंचायत में आयोजित ऐतिहासिक दंगल रोमांचक मुकाबलों के बीच संपन्न हुआ। दंगल में जौनपुर केसरी राजबहादुर और प्रयागराज के पहलवान राजेश के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला। दोनों पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। अंततः जौनपुर केसरी राजबहादुर ने प्रतिद्वंद्वी पहलवान राजेश को पटखनी देकर जीत अपने नाम कर ली।
राजबहादुर की शानदार जीत के बाद उपस्थित लोगों ने उनका माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान ग्राम प्रधान हुकुम यादव, पूर्व प्रधान राकेश तिवारी, प्रधानाचार्य शिवप्रकाश तिवारी, डॉ. दिनेश सिंह, सत्यदेव सिंह, ग्राम रोजगार सेवक ओमप्रकाश मिश्रा, सेठ यादव, राजकुमार, इंद्रजीत तिवारी, हौसला प्रसाद मिश्र, शुभम मिश्रा तथा प्रधानाध्यापक समरजीत तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

दंगल के मैदान में छोटे-बड़े कई अन्य मुकाबले भी आयोजित किए गए। इनमें जमैथा के राजकुमार, रामसमुझ जौनपुर तथा पिलकिछा के सचिन ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

कार्यक्रम के दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन इससे पहलवानों और दर्शकों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। बारिश की हल्की फुहारों के बीच भी मैदान में दर्शकों की भीड़ जुटी रही और पहलवानों ने पूरे जोश एवं उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ऐतिहासिक दंगल ने क्षेत्र की पारंपरिक कुश्ती संस्कृति और ग्रामीण खेल भावना की जीवंत झलक प्रस्तुत की।
