प्रतापगढ़: डीएम ने बूथों का निरीक्षण कर परखी मतदाता पुनरीक्षण अभियान की प्रगति*
छूटे पात्र मतदाताओं, महिलाओं और युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश*
प्रतापगढ़, 24 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में चल रहे विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने विभिन्न बूथों पर आयोजित विशेष कैम्पों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ द्वारा प्राप्त किए जा रहे दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत कार्यालय हाल के बूथ संख्या 82 एवं 83, संविलियन विद्यालय दहिलामऊ के बूथ संख्या 84, 85 एवं 86, मॉडल प्राइमरी स्कूल सगरा के बूथ संख्या 28, 29 एवं 30 तथा संविलियन विद्यालय टेऊंगा स्थित बूथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ एवं सुपरवाइजर से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
डीएम ने निर्देशित किया कि बूथों पर प्राप्त फार्म-6 के आवेदनों को तत्काल ऑनलाइन कराया जाए, ताकि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हो सकें। उन्होंने महिला एवं युवा मतदाताओं के पंजीकरण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बूथों पर आने वाले नागरिकों को नाम दर्ज कराने, संशोधन एवं अन्य आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्धारित प्रपत्र भरने में पूरी सहायता दी जाए। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने पाए। जिलाधिकारी ने बीएलओ एवं सुपरवाइजर को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक पात्र नागरिक का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।



