प्रतापगढ़: स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना डीएम ने किया निरीक्षण*
23 अक्टूबर को 31,528 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग, सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा मतदान*
प्रतापगढ़, 22 अक्टूबर 2026। लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर प्रतापगढ़ में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को जीआईसी प्रतापगढ़ से 29 पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 24,261 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 7,267 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 31,528 मतदाता मतदान करेंगे। स्नातक निर्वाचन के लिए 29 मतदेय स्थल तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए 19 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। मतदान शुक्रवार को सुबह 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक संपन्न होगा ।जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने जीआईसी प्रतापगढ़ स्थित पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा निर्धारित निर्वाचन नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी पोलिंग पार्टियों को अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर समय से पहुंचने और मतदान से जुड़ी व्यवस्थाओं का पहले ही भली-भांति निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन सामग्री, आवश्यक अभिलेखों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित कर ली जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या बाधा उत्पन्न न हो। डीएम ने मतदान कार्मिकों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखी जाए। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रेमचंद मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं मतदान कार्मिक उपस्थित रहे।



