सीएमओ के औचक निरीक्षण में कई दिनों से गैरहाजिर मिले चिकित्सा अधिकारी, वेतन रोकने के निर्देश
पीएचसी सिकरारा की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दवाओं की उपलब्धता और टीबी मरीजों के उपचार की भी हुई समीक्षा
*संवाद: माता चरण पांडे*
सिकरारा, जौनपुर।** स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने शुक्रवार को दोपहर दो बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकरारा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशांक शांडिल कई दिनों से अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीएमओ ने उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली। सीएमओ ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अभिलेखों को भी नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए। उन्होंने आभा आईडी के माध्यम से मरीजों के उपचार एवं जांच की प्रक्रिया सुनिश्चित करने तथा एबीडीएम और यूडीएसपी पोर्टल पर आवश्यक जानकारियां दर्ज करने पर जोर दिया। गर्भवती महिलाओं की नियमित एएनसी जांच कराने के भी निर्देश दिए।
**दवा भंडार में मिलीं 165 प्रकार की दवाएं**
दवा भंडार की जांच के दौरान कुल 165 प्रकार की दवाएं उपलब्ध मिलीं। सीएमओ ने फार्मासिस्ट को निर्देश दिया कि दवाओं की मांग और आपूर्ति का विवरण डीवीडीएमएस पोर्टल पर नियमित रूप से दर्ज किया जाए। जिन दवाओं की कमी हो, उन्हें तत्काल ड्रग वेयरहाउस से प्राप्त कर मरीजों को उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण में एआरवी और एएसवी भी उपलब्ध मिलीं।
**टीबी मरीजों के उपचार में लापरवाही न बरतने के निर्देश**
टीबी नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान केंद्र से संबंधित 20 टीबी और 13 एमडीआर-टीबी मरीजों की जानकारी सामने आई। अधिकारियों के अनुसार, मरीजों को नियमित रूप से दवाएं दी जा रही हैं। सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि सभी मरीजों का उपचार निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार जारी रखा जाए और उनकी नियमित निगरानी की जाए।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक जांच और दवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।