प्रतापगढ़ : मेडिकल स्टोरों पर औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध दवाओं के नमूने लिए
*अमरगढ़ और आसपुर देवसरा में छापेमारी, अभिलेखों की जांच में मिलीं खामियां*
प्रतापगढ़। जनपद में दवाओं की गुणवत्ता और मेडिकल स्टोरों के संचालन की जांच के लिए औषधि विभाग ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। अमरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर के संबंध में शिकायत मिलने पर विभागीय टीम ने छापेमारी कर जांच की और संदिग्ध दवाओं के नमूने संग्रहित किए। सहायक आयुक्त (औषधि), प्रयागराज के निर्देश पर गठित टीम में कौशांबी के औषधि निरीक्षक अरविंद कुमार, फतेहपुर के औषधि निरीक्षक संजय दत्त तथा स्थानीय औषधि निरीक्षक शिव कुमार नायक शामिल रहे। टीम ने अमरगढ़ स्थित प्रताप मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया, जहां एलोपैथिक दवाओं के दो संदिग्ध नमूने लिए गए। इनमें एसी स्टार एसपी तथा एसी क्लो एसपी-15 दवाएं शामिल हैं। दोनों नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।इसके बाद जांच टीम ने आसपुर देवसरा क्षेत्र के अन्य मेडिकल स्टोरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पंकज मेडिकल स्टोर से भी एक संदिग्ध दवा का नमूना लिया गया। अधिकारियों ने दवा भंडारण व्यवस्था, लाइसेंस और बिक्री से संबंधित अभिलेखों की जांच की, जिसमें कई कमियां सामने आईं। इन कमियों को विभागीय अभिलेखों में दर्ज किया गया है। औषधि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लिए गए सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि प्रयोगशाला जांच में दवाएं मानक के अनुरूप नहीं पाई जाती हैं या अभिलेखीय अनियमितताओं की पुष्टि होती है, तो संबंधित मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए वाद दायर किया जाएगा।
विभागीय कार्रवाई से क्षेत्र के मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नकली अथवा घटिया दवाओं की बिक्री रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

