क्षय मुक्त भारत के लिए जरूरी है जनभागीदारी और जागरूकता : डॉ. अंजू सिंह
बदलापुर के क्षय रोगियों को वितरित किया गया पोषाहार, समय से दवा सेवन और संतुलित खानपान के प्रति किया जागरूक
सिंगरामऊ, जौनपुर। ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति के मुख्यालय गौरीशंकर मंदिर, सिंगरामऊ में संस्था द्वारा गोद लिए गए बदलापुर क्षेत्र के क्षय रोगियों के लिए पोषाहार वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मरीजों को पोषाहार उपलब्ध कराने के साथ टीबी से बचाव, उपचार और नियमित दवा सेवन के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए विभिन्न स्तरों पर टीमें गठित की गई हैं, जिनमें जोश टीम भी शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षय रोग के उन्मूलन के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अभियान में सहयोग करना होगा।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा ने क्षय रोगियों को निर्धारित समय पर नियमित रूप से दवा लेने तथा पौष्टिक एवं संतुलित भोजन करने की सलाह दी। उन्होंने संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार टीबी मरीजों को पोषाहार उपलब्ध कराने और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सहयोग कर रही है। उन्होंने मरीजों से इन सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही ठंड के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।

बदलापुर के एसटीएस तरुण कुमार ने उपस्थित क्षय रोगियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन संस्था की पदाधिकारी विभा सिंह ने किया।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा, एसटीएस तरुण कुमार, विभा सिंह सहित संस्था के समस्त कर्मचारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि नियमित उपचार, पौष्टिक आहार, जागरूकता और सामूहिक सहभागिता से टीबी मुक्त भारत का संकल्प साकार किया

जा सकता है।