प्रतापगढ़ : मुसहर बस्ती चरिया पहुंचे डीएम, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
10 अक्टूबर को लगेगी चौपाल, हर पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश
प्रतापगढ़, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने नगर पंचायत सुवंशा बाजार स्थित मुसहर बस्ती चरिया का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बस्तीवासियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की सभी विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विभागों के समन्वय से बस्ती का डोर-टू-डोर सत्यापन कराया जाए, ताकि प्रत्येक परिवार की पात्रता और योजनाओं से आच्छादन की स्थिति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बस्ती में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी सुवंशा बाजार को निर्देश दिया कि रास्ता, नाली, शौचालय, पेयजल एवं अन्य अपूर्ण विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि आगामी 10 अक्टूबर को मुसहर बस्ती चरिया में चौपाल आयोजित की जाएगी, जिसमें कराए गए तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी और स्थानीय लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।




