रथ की चपेट में आने से दो लोगों की मौत
सजावट का सामान लेकर चल रहे दो लोगों को अनियंत्रित रथ ने कुचला
बक्सा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात बारात के दौरान रथ की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। दोनों बारात में सजावट का सामान लेकर चल रहे थे।
हादसा नौपेड़वा हाईवे पर मई मोड़ के पास बन्धवारे वीर मंदिर के पास हुआ।
बदलापुर थाना क्षेत्र के देवरिया गांव से बारात मड़ैया मोहम्मदपुर में राम अवध यादव के यहां आई थी।

रात करीब 9 से 9:30 बजे रथ हाईवे से ढलान की तरफ उतर रहा था। इसी दौरान रथ अनियंत्रित होकर आगे बढ़ा और गोरियापुर गांव के मुसाफिर और शिवाकांत गौतम को चपेट में ले लिया।
दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बक्शा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।

बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को सदर अस्पताल जौनपुर के शवगृह भेजा है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।