प्रतापगढ़ : बरसात में गिरे मकान के बाद भी नहीं मिली आर्थिक सहायता
*जिलाधिकारी के निर्देश बेअसर, तीन बच्चों संग छप्पर में रहने को मजबूर विकलांग महिला*
प्रतापगढ़ जनपद के नगर पंचायत ढकवा के वार्ड संख्या-9 महिलासराय की निवासी ममता देवी पत्नी रामचंद्र पाल तथा शोभावती पत्नी अजय पाल का मकान कुछ समय पूर्व हुई भीषण बारिश के दौरान पूरी तरह धराशायी हो गया। मकान गिरने से परिवार बेघर हो गया और वर्तमान में कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करने को मजबूर है। पीड़ित परिवार के अनुसार घटना की सूचना तत्काल नगर पंचायत ढकवा तथा संबंधित लेखपाल को दी गई थी, लेकिन अब तक किसी प्रकार की आर्थिक सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई है। परिवार का कहना है कि जिलाधिकारी प्रतापगढ़ अभिषेक पांडेय द्वारा बरसात में क्षतिग्रस्त मकानों एवं जनहानि की घटनाओं में त्वरित राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, फिर भी उनके मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ममता देवी विकलांग हैं और अपने तीन बच्चों के साथ अस्थायी छप्पर में रहने को विवश हैं। बरसात और अन्य मौसमीय परेशानियों के बीच परिवार का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है। पीड़ित परिवार प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं आवासीय राहत की मांग कर रहा है। इस संबंध में जब *उपजिलाधिकारी पट्टी सुनील कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी तथा नियमानुसार जो भी आर्थिक सहायता देय होगी, उसे उपलब्ध कराया जाएगा।* अब क्षेत्रीय लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है कि पीड़ित परिवार को राहत कब तक मिल पाती है।




