प्रतापगढ़: सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 137 शिकायतें दर्ज*
प्रभारी जिलाधिकारी ने 11 मामलों का मौके पर कराया निस्तारण*
प्रतापगढ़, 03 अक्टूबर 2026। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में तहसील लालगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। समाधान दिवस में कुल 137 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इनमें राजस्व विभाग की 7 तथा पुलिस विभाग की 4 शिकायतें शामिल रहीं। प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 37 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे, जबकि पुलिस विभाग की 29, विद्युत विभाग की 10, विकास विभाग की 7, समाज कल्याण विभाग की 5, बेसिक शिक्षा विभाग की 2, आपूर्ति विभाग की 3 तथा अन्य विभागों की 44 शिकायतें दर्ज की गईं। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी डॉ. राममोहन मीना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और समाधान ऐसा हो जिससे शिकायतकर्ता संतुष्ट हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भूमि संबंधी मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर विवादों का निष्पक्ष एवं शीघ्र समाधान कराए। साथ ही अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र एवं गरीब व्यक्ति सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी लालगंज वाचस्पति सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


