एडियो पंचायत बदलापुर के नेतृत्व मेंसाढ़ापुर में चला विशेष स्वच्छता अभियान,
स्कूल-मंदिर और सार्वजनिक रास्तों की हुई सफाई
सिगरामऊ क्षेत्र के विकासखंड बदलापुर अंतर्गत साढ़ापुर ग्राम पंचायत में मंगलवार को एडीओ पंचायत रणजीत सिंह के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों, मंदिरों और सार्वजनिक रास्तों की साफ-सफाई कराई गई। देर शाम तक चले अभियान से गांव में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया।
ग्राम विकास अधिकारी अजय रजक और ग्राम प्रधान प्रेमचंद यादव की देखरेख में सफाई कार्य के लिए दो टीमें गठित की गई थीं। इसमें सफाई कर्मी यमुना, सूबेदार, प्रदीप चौबे, सचिन कुमार समेत अन्य कर्मचारियों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर साफ-सफाई की।

बताया गया कि साढ़ापुर ग्राम पंचायत में सफाई व्यवस्था को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। इसी को देखते हुए खंड विकास अधिकारी बदलापुर धर्मेंद्र द्विवेदी के निर्देश पर पंचायत में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, रास्तों और अन्य स्थानों से गंदगी हटाई गई। सफाई अभियान से ग्रामीणों में खुशी देखी गई। ग्रामीणों ने नियमित रूप से सफाई व्यवस्था बनाए रखने की मांग भी की।