प्रतापगढ़ :आसपुर देवसरा पुलिस का दोहरा एक्शन, एमडी तस्कर और दुष्कर्म का वांछित गिरफ्तार*
11.74 ग्राम अवैध एमडी बरामद , बिना नंबर की बुलेट सीज; अपहरण - दुष्कर्म के आरोपी को प्रयागराज से दबोचा*
प्रतापगढ़। अपराधियों एवं नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आसपुर देवसरा पुलिस को एक ही दिन में दो बड़ी सफलताएं मिलीं। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में 11.74 ग्राम अवैध एमडी (Methamphetamine) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि अपहरण एवं दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। एमडी बरामदगी के मामले में पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की बुलेट मोटरसाइकिल भी सीज की है। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी आसपुर देवसरा राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर खटखटहवा पुल के पास से बृजेश पाण्डेय पुत्र बाल गोविन्द पाण्डेय, निवासी गधियावां, थाना आसपुर देवसरा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 11.74 ग्राम अवैध एमडी तथा बिना नंबर प्लेट की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई। इस मामले में थाना आसपुर देवसरा में मु0अ0सं0 250/2026, धारा 22सी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में बृजेश पाण्डेय ने बताया कि वह बरामद एमडी को आनंद पाण्डेय उर्फ सुधांशू पाण्डेय निवासी रेडीगारापुर, थाना पट्टी से खरीदकर लाता था। उसने पन्नेलाल निषाद निवासी बगोझर, थाना महराजगंज, जौनपुर से भी एमडी खरीदने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक आरोपी के मोबाइल फोन में संबंधित व्यक्तियों से व्हाट्सएप कॉल, चैट और यूपीआई लेन-देन से जुड़े विवरण मिले हैं। पुलिस ने आरोपी का आपराधिक इतिहास भी दर्ज बताया है, जिसमें आसपुर देवसरा एवं पट्टी थाने में मारपीट, धमकी, तोड़फोड़ सहित अन्य धाराओं में दर्ज मुकदमे शामिल हैं।इसी दिन आसपुर देवसरा पुलिस ने दूसरी कार्रवाई में अपहरण एवं दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित मो0 सहबाज अहमद पुत्र मो0 शकील अहमद, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी बारौती, थाना पट्टी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार सहबाज अहमद के खिलाफ थाना आसपुर देवसरा में मु0अ0सं0 226/2026, धारा 87/61(2)/351(3)/64 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने थाना करनलगंज क्षेत्र के सादिया मोहल्ले में एक कमरे से उसे गिरफ्तार किया। विवेचना के दौरान पुलिस को प्रयागराज के रामबाग स्थित शक्ति होटल से प्राप्त साक्ष्यों तथा पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 64 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई थी। पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जावेद अहमद खां, उपनिरीक्षक संजय कुमार, कांस्टेबल कैलाश यादव व वीरेंद्र यादव तथा दूसरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक सचिन कुमार, कांस्टेबल राम प्रकाश यादव व नीरज पटेल शामिल रहे।
