खंभे के स्टे तार में उतरा करंट
चपेट में आने से 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत, परिजनों में मचा कोरा
सिंगरामऊ/जौनपुर। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में शुक्रवार सुबह बिजली के खंभे के स्टे तार में करंट उतरने से 60 वर्षीय राजमनी मिश्र की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, बारिश के चलते बिजली के खंभे के स्टे तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी दौरान राजमनी मिश्र उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें करंट से अलग किया। इसके बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिंगरामऊ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस घटना के कारणों की जानकारी जुटाने में लगी है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने घटना की जांच कराने के साथ ही बिजली के खंभों और स्टे तारों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।