जौनपुर, उत्तर प्रदेश
तीखी आवाज़ 24 निर्भीक · निष्पक्ष · निरंतर हिंदी समाचार · पूर्वांचल
ब्रेकिंग
नौपेड़वा में तार टूटकर सड़क पर गिरा प्रतापगढ़ : ढकवा नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक त्यागी पद से हटाए गए* प्रतापगढ़:ब्राह्मण परिवार पर मुकदमे के विरोध में अधिवक्ताओं का आक्रोश* बोधी पट्टी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप प्रतापगढ़: आसपुर देवसरा पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को दबोचा* प्रतापगढ़ : स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य को लेकर नगर पंचायत ढकवा में लगा स्वास्थ्य शिविर*
जौनपुर

नौपेड़वा में तार टूटकर सड़क पर गिरा

हाईटेंशन लाइन के नीचे मौत का साया, नौपेड़वा में तार टूटकर सड़क पर गिरा

जौनपुर: बक्शा विकासखंड के नौपेड़वा बाजार स्थित मई मोड़ रोड पर संकल्प इलेक्ट्रॉनिक्स के सामने 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन और पेड़ के बीच बना संपर्क लोगों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ की टहनियां हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से कई बार शॉर्ट सर्किट की स्थिति बन चुकी है। इससे बंदर, पक्षी और गिलहरी जैसे जीवों के मरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे पेड़ से शॉर्ट सर्किट के बाद विद्युत तार टूटकर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। लोगों के मुताबिक, इससे पहले 5 अगस्त की शाम भी पेड़ में तेज आग की लपटें उठती दिखाई दी थीं।
यह स्थान इसलिए भी संवेदनशील है क्योंकि इसी मार्ग पर स्थित राजाराम स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों का लगातार आना-जाना रहता है। ऐसे में हाईटेंशन लाइन और पेड़ की स्थिति को लेकर स्थानीय लोग किसी बड़े हादसे से पहले कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, खतरनाक पेड़ को हटाने की मांग को लेकर 28 अगस्त 2026 को वन विभाग को प्रार्थना पत्र देकर उसकी रिसीविंग भी ली गई थी, लेकिन अब तक विद्युत विभाग और वन विभाग की ओर से कार्रवाई नहीं हुई है।
मोहल्लेवासियों ने संबंधित विभागों से पेड़ को हटाने तथा विद्युत लाइन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। साथ ही रात में आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए मौके पर हाई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी उठाई गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते पेड़ और हाईटेंशन लाइन की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। मौके पर रामराज, शशिकांत मिश्रा, मनीष, संदीप गुप्ता, विकास और सोनू निगम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।