सिकरारा थाने में आयोजित संभ्रांत नागरिकों की बैठक में हेलमेट लगाने सहित दिए कई आवश्यक निर्देश
सिकरारा थाने में आयोजित संभ्रांत नागरिकों की बैठक में पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की। नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
थाना परिसर में बुधवार को आयोजित संभ्रांत नागरिको की बैठक में थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने अपराध पर लगाम हेतु आवश्यक निर्देश दिया।
कहा कि अपराधों पर अंकुश केवल पुलिस से नहीं, बल्कि जन सहयोग से ही लग सकता है। पुलिस मित्र बनकर पुलिस की सहायता करने में मदद करे। उन्होंने कहा कि गांव में होने वाली छोटी-छोटी घटनाओं की जानकारी यदि समय रहते पुलिस को दे दी जाए तो बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है। चोरी, नशाखोरी व अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए ग्रामीणों को आगे आना होगा। रात्रि गश्त में ग्राम चौकीदारों व युवाओं का सहयोग जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की सूचना तत्काल 112 नंबर या थाने को दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। लोगो से कहा कि अगर आप दो पहिया वाहन से चल रहे है तो हेलमेट और चार पहिया वाहन से है तो सीट बेल्ट जरूर लगाएं। इस दौरान समाजसेवी साहबलाल यादव, श्रीधर तिवारी व अन्य सम्मानित जनों ने भी अपना सुझाव दिया। शांति समिति के अध्यक्ष राना प्रताप यादव ने अभ्यागतों का स्वागत किया।
इस अवसर पर शरद सिंह, राज बहादुर सिंह, मो. असलम, सुशील सिंह, बलिराम यादव, अरबिंद सिंह, रमेश चन्द्र यादव, लल्लन गुप्ता सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।




