सिंगरामऊ गौरी शंकर मंदिर में विधायक रमेश मिश्रा ने काटा केक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर अनूठी पहल, ऐतिहासिक जलाशय पर की आरती
सिंगरामऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने अनूठे अंदाज में कार्यक्रम आयोजित किया। ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर में केक काटकर प्रधानमंत्री के जन्मदिन की खुशी मनाई गई। इसके बाद राजघराने से जुड़े प्रसिद्ध ऐतिहासिक जलाशय पर विधि-विधान से आरती की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, ग्राम प्रधानों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प की चर्चा की।

विधायक ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व और कुशल शासन की सराहना करते हुए कहा कि देशहित और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए भारत को नई दिशा देने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने तथा देश की निरंतर प्रगति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। ऐतिहासिक जलाशय पर आरती के दौरान क्षेत्र की सुख-समृद्धि और देश की उन्नति की कामना की गई।

इस मौके पर राजघराने के जय बाबा, जिला महामंत्री सुनील तिवारी, ओंकार नाथ मिश्रा, बद्रीनाथ, रामगुन मिश्रा, विनय सिंह पिंटू, प्रधान संघ अध्यक्ष राकेश तिवारी, ऋषि, धर्मेंद्र सिंह रजनीपुर, संजय सिंह प्रधान महमूदपुर, विधायक प्रतिनिधि गिरीश चंद्र मिश्रा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सिंगरामऊ पुलिस भी मौजूद रही।