प्रसव के दौरान नवजात की मौत का मामला
खुटहन में निजी अस्पताल सील, प्रसूता की हालत गंभीर
:जौनपुर। खुटहन क्षेत्र में प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत और प्रसूता की पसली टूटने के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बुधवार शाम करीब चार बजे संबंधित निजी अस्पताल को सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अस्पताल की जांच के बाद मुख्य गेट और शटर पर सील लगाई।
जानकारी के अनुसार, मिठनेपुर गांव निवासी अंकित यादव अपनी पत्नी सुनीता यादव को प्रसव पीड़ा होने पर गांव की आशा कार्यकर्ता की सलाह पर खुटहन स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। सोमवार रात प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। वहीं, प्रसूता सुनीता यादव की पसली टूटने के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। वर्तमान में उनका उपचार जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
अंकित यादव ने आरोप लगाया कि संबंधित अस्पताल में कोई योग्य चिकित्सक मौजूद नहीं था और अप्रशिक्षित स्टाफ द्वारा प्रसव कराया गया। उनका दावा है कि प्रसव के दौरान नवजात को खींचकर बाहर निकाला गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इसी दौरान उनकी पत्नी को भी गंभीर चोट आई और उनकी पसली टूट गई।
घटना के बाद परिजनों ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगा राम गौतम ने जांच के लिए टीम गठित की।
बुधवार को जांच टीम के साथ थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह पुलिस बल लेकर अस्पताल पहुंचे। जांच के दौरान अस्पताल में कई अनियमितताएं मिलने की बात सामने आई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अस्पताल के संचालन को लेकर भी गंभीर खामियां पाई गईं। इसके बाद प्रशासन ने अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
सीएमओ डॉ. गंगा राम गौतम ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।