गणेश चतुर्थी पर बलुआ में स्थापित हुई गणेश प्रतिमा
चौथे दिन पूजा-अर्चन के बाद हुआ प्रसाद वितरण
बदलापुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बलुआ में गणेश चतुर्थी के अवसर पर समाजसेवी एवं अधिवक्ता पंडित राजेश उपाध्याय तथा विकास उपाध्याय के नेतृत्व में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चन किया जा रहा है। बुधवार को गणेश उत्सव के चौथे दिन श्रद्धालुओं ने पूजा-पाठ, आरती एवं भजन-कीर्तन के बाद प्रसाद का वितरण किया।
गणेश उत्सव के दौरान गांव में धार्मिक माहौल बना हुआ है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण पूजा स्थल पर पहुंचकर भगवान श्री गणेश की आराधना कर रहे हैं। गांव की माताएं एवं बहनें भी व्रत रखकर भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती में शामिल हो रही हैं। पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं द्वारा भजन-कीर्तन किए जाने से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
आयोजकों के अनुसार गणेश उत्सव के माध्यम से ग्रामीणों को धार्मिक एवं सामाजिक रूप से एकजुट करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतिदिन पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण भी किया जा रहा है।
इस अवसर पर मोहित सिंह, अजय कुमार पांडेय, अंकित उपाध्याय, राकेश उपाध्याय, विशाल उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन में महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
*संवाद :अजय पांडे*