जौनपुर में डेंगू के 9 मरीज मिले
स्वास्थ्य विभाग ने तेज किया बचाव अभियान
जौनपुर। जिले में मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बचाव और रोकथाम के लिए अभियान तेज कर दिया है। अब तक जिले में डेंगू के 9, मलेरिया के 18 और चिकनगुनिया का एक मरीज सामने आ चुका है। डेंगू के मरीज मिलने वाले क्षेत्रों को हॉट स्पॉट के रूप में चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने प्रभावित इलाकों में आसपास रहने वाले लोगों की भी जांच कराई है। साथ ही संदिग्ध मरीजों और प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
जिला मलेरिया अधिकारी सुनील के अनुसार, जिले में संक्रमण की स्थिति के आधार पर 147 शहरी क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है। इन इलाकों में मच्छरों के प्रजनन स्रोतों का सर्वे कराया जा रहा है। जहां पानी जमा मिला है, वहां एंटी-लार्वा रसायन का छिड़काव कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक भी कर रही हैं।
घर के आसपास न जमा होने दें पानी
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है। झाड़ियों को बढ़ने न दें और किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दें। नालियों में कूड़ा-कचरा डालने से बचें। रुके हुए पानी में विभागीय सलाह के अनुसार एंटी-लार्वा उपायों का इस्तेमाल करें।
मच्छरों से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, खुले बदन न सोने और रात में मच्छरदानी का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर समय रहते नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।