सिंगरामऊ में रेलवे ट्रैक पर मिला अधेड़ का शव
ट्रेन की चपेट में आने से मौत, नहीं हो सकी पहचान पुलिस ने भेजा मोर्चरी हाउस
सिंगरामऊ। बदलापुर-सिंगरामऊ रेलवे ट्रैक पर बुधवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिंगरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दिनांक 16 सितंबर 2026 को सुबह करीब 7 बजे ग्राम कवेली थाना सिंगरामऊ के पास रेलवे पोल संख्या 864/15 के निकट एक अधेड़ व्यक्ति का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया ट्रेन की टक्कर से उसकी मौत होने की बात सामने आई है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया। विभिन्न माध्यमों से पहचान कराने के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक की उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है।
सिंगरामऊ थाना प्रभारी अखिलेश मौर्य ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर करीब 60 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु हुई है। शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है, जहां पहचान एवं अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।