घर से नाराज होकर निकला किशोर सिंगरामऊ में मिला
पुलिस ने परिजनों को सौंपा,किशोर के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली, कर रहे पुलिस की कार्यशैली की सराहना
जौनपुर। सिंगरामऊ थाना पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत घर से बिना बताए निकले 18 वर्षीय किशोर को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। किशोर के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बदलापुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
बताया गया कि 14 सितंबर की रात करीब नौ बजे कोबरा प्रथम के कांस्टेबल सौरभ सिंह और कांस्टेबल रजत पाण्डेय सिंगरामऊ कस्बे की ओर जाने वाले मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम को एक किशोर परेशान हालत में दिखाई दिया। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम कृष्णानन्द सैनी, उम्र 18 वर्ष बताया। किशोर ने बताया कि वह परिजनों से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आया था।
पुलिसकर्मियों ने किशोर द्वारा बताए गए पते के आधार पर उसके परिजनों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया। इसके बाद परिजनों को थाने बुलाया गया। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद 15 सितंबर को किशोर को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की तत्परता से किशोर के सकुशल घर पहुंचने पर परिवार में खुशी का माहौल रहा।