बेड पर चढ़कर सांप ने डसा, 21 वर्षीय छात्रा की मौत*
इलाज के लिए जिला अस्पताल के बाद निजी अस्पताल ले गए परिजन, डॉक्टर ने घोषित किया मृत
बदलापुर। बदलापुर तहसील क्षेत्र के मछली गांव स्थित स्टेडियम के बगल हरिजन बस्ती में मंगलवार की रात एक दर्दनाक हादसे में सांप के डसने से 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। युवती की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मछली गांव निवासी बीरे गौतम की 21 वर्षीय पुत्री आंचल बीती रात अपनी बहन के साथ घर में एक ही बेड पर सो रही थी। इसी दौरान एक सांप बेड पर चढ़ गया और आंचल को डस लिया। सांप के डसने की जानकारी होते ही परिजन तत्काल उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन आंचल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां भी उपचार को लेकर स्थिति अनुकूल न होने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद परिजन उसे डॉ. बीएस उपाध्याय के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आंचल का शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी और दो बहनों में छोटी थी। वह बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। उसकी असमय मौत से परिजनों के साथ-साथ रिश्तेदारों और ग्रामीणों में भी गहरा दुख है।
घटना की जानकारी मिलने पर सर्पमित्र भी मौके पर पहुंचे और सांप की तलाश शुरू की। मुरली वाले सर्पमित्र ने भी मौके पर पहुंचकर काफी खोजबीन की, लेकिन सांप का कोई पता नहीं चल सका।

आंचल की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आसपास के लोग और परिचित उसके घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।