जल जीवन मिशन की पाइप चोरी में तीन गिरफ्तार
बहरा बूथ के पास से पिकअप समेत माल बरामद
जौनपुर। सिंगरामऊ थाना पुलिस ने जल जीवन मिशन की पाइप चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की पाइप बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त किया है। पकड़े गए तीनों आरोपी प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के मरगूपुर गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को बहरा बूथ के समीप बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप में चोरी की गई जल जीवन मिशन की पाइप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पिकअप संख्या UP62CT2289 को रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहन से जल जीवन मिशन से संबंधित पाइप बरामद हुई। पुलिस ने मौके से राजवीर निषाद, पवन कुमार सिंह उर्फ सोनू और शनि सिंह को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामदगी और पूछताछ के आधार पर सिंगरामऊ थाने में मुकदमा संख्या 128/2026 दर्ज किया है। मामले में धारा 2(30)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पवन कुमार सिंह उर्फ सोनू के खिलाफ आसपुर देवसरा थाने में वर्ष 2021 में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज रहा है। वहीं राजवीर निषाद और शनि सिंह के खिलाफ सिंगरामऊ थाने में वर्तमान मामले में कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामदुलार यादव, तारकेश्वरनाथ दूबे, कांस्टेबल रजत पाण्डेय, पवन प्रजापति, रूपेश ओझा और रमाशंकर मौर्या शामिल रहे।