पेड़ से टकराकर खाई में गिरी तेज रफ्तार कार
युवक-युवती की हालत गंभीर, पुलिस ने एम्बुलेंस के सहारे भेजा जिला चिकित्सालय
संवाद: माता चरण पांडे
सिकरारा। जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर सोमवार भोर बरगुदर पुल के पास पुलिस बूथ के सामने तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इंजन टूटकर अलग हो गया।
जानकारी के अनुसार, हर्ष सिंह (20) पुत्र सूर्यप्रताप सिंह निवासी बरईपार, जौनपुर और श्रेया सिंह निवासी खैरा बगहां, थाना कछवां, वाराणसी दोनों मित्र हैं। सोमवार भोर दोनों कार से जौनपुर से मछलीशहर की ओर जा रहे थे। बरगुदर पुल के समीप पुलिस बूथ के सामने पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद कार खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही सिकरारा पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह की देखरेख में पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजवाया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।