विशाल यादव के पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों का हंगामा
शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन
जौनपुर। विशाल यादव की मौत के बाद शनिवार को आधुनिक चीरघर के बाहर उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब पुलिस कार्रवाई से नाराज मृतक के परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों के प्रदर्शन के चलते जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर करीब 10 मिनट तक यातायात बाधित रहा।
सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक भी हुई। कुछ देर बाद परिजन शव को एंबुलेंस में रखकर जौनपुर की ओर रवाना हो गए।
पुलिस ने रास्ते में वाहन लगाकर एंबुलेंस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन परिजन नहीं रुके। इसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रोक लिया। करीब छह बजे शव को दोबारा आधुनिक चीरघर लाया गया।
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए चीरघर परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सीओ सदर परमानंद कुशवाहा समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। देर शाम पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
रॉड से हमले में घायल हुआ था विशाल
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रमदयालगंज बाजार में शुक्रवार शाम करीब पांच बजे 22 वर्षीय विशाल यादव पर रॉड से हमला किया गया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान विशाल की मौत हो गई।
मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इसी कार्रवाई को लेकर परिजनों में नाराजगी बताई जा रही है। शनिवार को उन्होंने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया, जिसके चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।