राजस्व वादों में लापरवाही पर शाहगंज तहसीलदार निलंबित
*राजस्व परिषद की कार्रवाई से तहसील प्रशासन में हड़कंप, 13 अन्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस*
शाहगंज (जौनपुर)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राजस्व मामलों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ शासन ने सख्त रुख अपनाया है। राजस्व परिषद ने प्रदेश के पांच तहसीलदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, 13 तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
निलंबित अधिकारियों में शाहगंज तहसील के तहसीलदार सौरभ कुमार भी शामिल हैं। यह कार्रवाई 7 सितंबर को प्रदेशभर के राजस्व न्यायालयों में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 34 के तहत दाखिल वादों की तहसीलवार और अधिकारीवार समीक्षा के बाद की गई।
राजस्व वादों के लंबित रहने और उनके निस्तारण में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई है। शासन के इस कदम के बाद तहसील प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
शाहगंज के उपजिलाधिकारी अंकुर वर्मा ने बताया कि जौनपुर में तैनाती के दौरान तहसीलदार सौरभ कुमार के स्तर पर राजस्व वादों के लंबित रहने और उनके निस्तारण में देरी के चलते शासन की ओर से निलंबन की कार्रवाई की गई है।
राजस्व परिषद ने स्पष्ट किया है कि लंबित राजस्व वादों के निस्तारण की लगातार समीक्षा और निगरानी की जाएगी। निर्धारित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।