जमऊपट्टी बाजार में ब्रेकर न होने से हादसे का खतरा, ग्रामीणों ने की मांग
प्राथमिक विद्यालय होने से खतरा और भी बढ़ा ,दोपहिया चार पहिया वाहन चल रहे बेतहाशा
सिगरामऊ। क्षेत्र के जमऊपट्टी बाजार में वाहनों की तेज रफ्तार के चलते राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। बाजार में सड़क पर ब्रेकर न होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन बेतहाशा गति से गुजरते हैं। ऐसे में कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
बाजार के उत्तरी छोर पर स्थित अंधा मोड़ इस खतरे को और बढ़ा देता है। मोड़ पर सामने से आने वाले वाहन आसानी से दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे की संभावना बनी रहती है। वहीं, उत्तरी छोर पर स्थित शिव मंदिर के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है।
इसके अलावा बाजार के दक्षिणी छोर पर प्राथमिक विद्यालय जमऊपट्टी स्थित है। विद्यालय में छोटे-छोटे बच्चों का आवागमन होने के कारण तेज रफ्तार वाहनों से उनके लिए भी गंभीर खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में सड़क पर जल्द से जल्द ब्रेकर का निर्माण कराया जाए, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित हो सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

बाजार के लोगों ने गुलाब मौर्य, सुरेश मौर्य, डॉ. अंबरीश मौर्य, बंटी बरनवाल, काजू बरनवाल, पंकज गुप्ता, पप्पू निगम, प्रहलाद मौर्य, प्रीति गुप्ता, नन्हे दर्जी, दरोगा यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जमऊपट्टी बाजार में शीघ्र ब्रेकर बनवाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि बाजार में मंदिर और विद्यालय दोनों होने के कारण यहां विशेष सावधानी की आवश्यकता है। समय रहते सड़क पर ब्रेकर बनाकर वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में गंभीर हादसा हो सकता है।