सई नदी में डूबने से दो नवयुवकों की मौत, परिजनों में मजा कोहराम, पुलिस ने लिया शव कब्जे में

*सई नदी में डूबने से दो नवयुवकों की मौत, परिजनों में मजा कोहराम, पुलिस ने लिया शव कब्जे में*

********************

*अरुण जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर/जफराबाद थाना क्षेत्र के बैजाबाद गांव के दो युवकों की सई नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

बताया गया कि बैजाबाद गांव के लगभग एक दर्जन युवक सलखापुर गांव के पास सई नदी में स्नान करने गए थे। नहाने के दौरान राजन चौहान (25) पुत्र अनिल चौहान तथा रवि चौहान (25) पुत्र राय चौहान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद युवकों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

 

किसी तरह दोनों को नदी से बाहर निकालकर साथी युवक बाइक से तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन और साथी आनन-फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों की आंखें नम हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

इस संबंध में लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

गौरतलब है कि हर वर्ष नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में स्नान या जलक्रीड़ा के दौरान कई युवक हादसों का शिकार हो जाते हैं। ऐसे हादसे परिवारों को जीवनभर का दर्द दे जाते हैं। प्रशासन और अभिभावकों की ओर से लगातार सावधानी बरतने की अपील की जाती रही है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *