*बदलापुर कोतवाली में तैनात सब इंस्पेक्टर की कार्यशैली से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीओ को सौंपा ज्ञापन*
*जातिगत भावना से की जा रही कार्रवाई*
********************
*संवाद:शिवपूजन मिश्रा*
जौनपुर/ बदलापुर कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक सुरेन्द्र यादव की कार्यशैली को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्राधिकारी बदलापुर को ज्ञापन सौंपकर उप निरीक्षक पर मनमाने एवं जातिगत आधार पर कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि उप निरीक्षक द्वारा सड़क सीमा से हटकर खड़ी गाड़ियों का भी अनावश्यक चालान किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ मिठाई खरीद रहा था, जबकि उसकी पत्नी मोटरसाइकिल पकड़े खड़ी थी, बावजूद इसके वाहन का चालान कर दिया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे जातिगत मानसिकता से प्रेरित कार्रवाई बताते हुए इसकी निंदा की।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि सड़क एवं चौराहों पर सांकेतिक बोर्ड लगाए जाएं, जिससे आम नागरिकों को यह जानकारी हो सके कि वाहन कहां खड़ा करना उचित है। साथ ही उप निरीक्षक सुरेन्द्र यादव के विरुद्ध जांच कर विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई गई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सब्जी मंडी के सामने लगने वाले ठेलों से अवैध वसूली कर सड़क किनारे ठेले लगवाए जा रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि इस प्रकार की कार्यशैली से शासन एवं प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है तथा आम जनता में आक्रोश बढ़ रहा है।
