*सिगरामऊ के इनामीपुर गांव में एक साथ उठी चार अर्थियां, पूरे गांव में छाया मातम*
*मुंबई के घाटकोपर में बारिश के दौरान मकान पर पेड़ व पत्थर गिरने से परिवार के चार सदस्यों की मौत, गांव में नहीं जले चूल्हे*
*******************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ। थाना क्षेत्र के इनामीपुर गांव में शुक्रवार को उस समय मातम छा गया, जब मुंबई के घाटकोपर में हादसे का शिकार हुए एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव पैतृक गांव पहुंचे। एक साथ चार अर्थियां उठने से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। परिवार के इस दुखद हादसे से गांव में किसी घर में चूल्हा तक नहीं जला।
जानकारी के अनुसार, इनामीपुर गांव निवासी मोहम्मद आरिफ (32) पुत्र मोहम्मद अलीम सिलाई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बीते शनिवार को आरिफ अपने परिवार के साथ गांव से मुंबई के लिए रवाना हुए थे और रविवार को मुंबई पहुंचे थे। परिवार घाटकोपर में किराए के मकान में रह रहा था।
बताया गया कि मुंबई में लगातार हो रही बारिश के दौरान मकान के ऊपर पेड़ और पत्थर गिर गए। इससे मकान का मलबा परिवार पर जा गिरा और उसके नीचे दबकर मोहम्मद आरिफ, उनकी पत्नी मरजीना बानो (28), पुत्री मन्नत (4) तथा पुत्र मोहम्मद अबान (2) की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मुंबई पुलिस की आवश्यक कार्रवाई पूरी होने पर शुक्रवार को चारों शव एंबुलेंस से उनके पैतृक गांव इनामीपुर लाए गए। शवों के गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मोहम्मद आरिफ तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दोनों छोटे भाई भी मुंबई में रहकर आजीविका चलाते हैं। हादसे में परिवार के चार सदस्यों को खोने के बाद पिता मोहम्मद अलीम का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों को सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचे। एक साथ चार जनाजे उठने का दृश्य देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
