प्रतापगढ़ में आंधी – तूफान और बारिश से हुई जनहानि पर प्रदेश सरकार ने की आर्थिक मदद

*प्रतापगढ़ में आंधी – तूफान और बारिश से हुई जनहानि पर प्रदेश सरकार ने की आर्थिक मदद*

*प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख की सहायता सौंपी*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़ में हाल ही में आए आंधी-तूफान, भारी बारिश और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि के बाद प्रदेश सरकार सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की। प्रभारी मंत्री, सदर विधायक राजेंद्र मौर्य और जिलाधिकारी अभिषेक पांडे के साथ सबसे पहले बाघराय थाना क्षेत्र के नारंगपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने आकाशीय बिजली की चपेट में आकर जान गंवाने वाली शांति देवी के परिजनों से भेंट की और उन्हें 4 लाख रुपये की सहायता राशि का प्रमाण पत्र सौंपा। इसके बाद मंत्री महेशगंज थाना क्षेत्र के सराय स्वामी गांव गए। उन्होंने यहां मृतक शिव भूषण पांडे के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का प्रमाण पत्र प्रदान किया। अंतिम चरण में प्रभारी मंत्री अंतू क्षेत्र के छतरपुर गांव पहुंचे। उन्होंने प्राकृतिक आपदा में मृतक लाल बहादुर के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें भी 4 लाख रुपये की सहायता राशि का प्रमाण पत्र सौंपा। प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि तीनों पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि उनके बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि कृषक बीमा योजना के तहत पात्र परिवारों को अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके लिए जिलाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।बीते बुधवार को प्रतापगढ़ में तेज आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली के कारण चार लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए थे, जिसके क्रम में यह सहायता प्रदान की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *