*पुलिस एथलेटिक्स में सुलतानपुर का दबदबा, महिला वर्ग में चैंपियन और पुरुष वर्ग में उपविजेता*
*28वीं अंतर्जनपदीय लखनऊ जोन एथलेटिक क्लस्टर प्रतियोगिता का समापन, लखनऊ पुरुष वर्ग में विजेता*
दधीच विश्वकर्मा
सुलतानपुर। रिजर्व पुलिस लाइन सुलतानपुर में आयोजित 28वीं अंतर्जनपदीय लखनऊ जोन एथलेटिक क्लस्टर (महिला/पुरुष), एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग प्रतियोगिता-2026 का गुरुवार को
भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में लखनऊ जोन के विभिन्न जनपदों से आए पुलिसकर्मियों ने एथलेटिक्स और साइकिलिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में दमखम दिखाया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश सुलतानपुर सुनील कुमार चतुर्थ रहे। प्रतियोगिता की आयोजन सचिव पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर चारू निगम रहीं। अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह समेत पुलिस विभाग के अधिकारी, विभिन्न जनपदों के खिलाड़ी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शारीरिक दक्षता, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि पुलिस बल में शारीरिक दक्षता का विशेष महत्व है। खेल प्रतियोगिताओं से पुलिसकर्मियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना मजबूत होती है।

*सुलतानपुर ने तीन वर्गों में मारी बाजी*
प्रतियोगिता के परिणाम में एथलेटिक्स पुरुष वर्ग की चल बैजयन्ती पर लखनऊ ने कब्जा किया, जबकि सुलतानपुर उपविजेता रहा। एथलेटिक्स महिला वर्ग में सुलतानपुर विजेता और लखनऊ उपविजेता रहा। वहीं साइकिलिंग पुरुष वर्ग की चल बैजयन्ती भी सुलतानपुर के नाम रही।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, टीम प्रभारियों तथा आयोजन में सहयोग करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
