आग लगने से गरीब परिवार की गृहस्थी जलकर राख,
ग्रामीणों और समूह सखियों ने बढ़ाया मदद का हाथ
सिंगरामऊ। थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में किरण पत्नी सरजू विश्वकर्मा की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। अगलगी की घटना में घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन सहित गृहस्थी का अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
गुरुवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान संजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने हल्का लेखपाल शैलेंद्र कुमार मिश्रा को सूचना देकर राजस्व विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
वहीं, पीड़ित किरण एक स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही समूह सखी पूर्णिमा शर्मा के नेतृत्व में अन्य समूह सखियों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया। समूह की महिलाओं ने तत्काल पीड़ित परिवार को राशन, कपड़े और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। सखियों ने कहा कि परिवार की मदद के साथ उनके रहने के लिए छांव की व्यवस्था भी की जा रही है।

इस पुनीत कार्य में गायत्री, सावित्री, अमरावती, लल्ली, शुभांगी और कलावती सहित अन्य समूह सखियों ने सहयोग किया। वहीं गांव के मनीष यादव, बड़े लाल विश्वकर्मा, धर्मेंद्र सहित अन्य ग्रामीण भी पीड़ित परिवार की सहायता में जुटे हैं।
ग्राम प्रधान संजय सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है। घटना की सूचना पुलिस को भी दी जा रही है, ताकि आवश्यक कार्रवाई हो सके। संकट की इस घड़ी में ग्रामीणों और समूह सखियों की पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।