तियरा- मोड़ पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत
एक युवक की मौत; दो की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
बदलापुर (जौनपुर)। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के बटाऊवीर रतासी रोड पर, तियरा गांव के समीप तियरा- मोड़ पर रविवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दुगौली कला निवासी 27 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बराई पट्टी निवासी बाबा और लालचंद की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बदलापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक फूलचंद पांडे ने रविवार रात करीब 10 बजे घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।