सुजानगंज में अंतरराज्यीय असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत पांच गिरफ्तार*
7.58 लाख रुपये नकद, प्रतिबंधित पिस्टल, राइफल और 200 कारतूस बरामद, पुलिस टीम को मिला 20 हजार का पुरस्कार
जौनपुर।** सुजानगंज पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कथित सरगना समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से भारी मात्रा में अवैध असलहे, कारतूस, 7 लाख 58 हजार रुपये नकद और 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 31 अक्टूबर को सुजानगंज पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुरावां नहर पुलिया के पास कुछ लोग अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से दो 12 बोर की बंदूक, 200 जिंदा कारतूस, एक .22 बोर की राइफल, प्रतिबंधित 9 एमएम पिस्टल और .45 बोर की ग्लॉक पिस्टल सहित विभिन्न हथियारों के कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा 7.58 लाख रुपये नकद और 11 मोबाइल फोन भी मिले हैं।
गिरफ्तार पांच आरोपितों में दो जौनपुर तथा तीन मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के निवासी हैं। पुलिस ने शुभम सिंह उर्फ शिवा सिंह को गिरोह का कथित मुख्य सरगना बताया है। उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों के थानों में अवैध असलहा तस्करी समेत करीब डेढ़ दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

जांच के दौरान कानपुर स्थित हैरिस गन हाउस से भी हथियारों की आपूर्ति का कथित संबंध सामने आया है। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध सुजानगंज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने 20 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।