प्रतापगढ़: महर्षि वाल्मीकि जयंती पर रामभक्ति में सराबोर हुआ ढकवा*
*राम जानकी मंदिर में गूंजे रामायण के प्रसंग, विधि - विधान से हुआ पाठ एवं प्रसाद वितरण*
प्रतापगढ़। महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर नगर पंचायत ढकवा में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच रामायण पाठ का आयोजन किया गया। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 स्थित राम जानकी मंदिर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। रामायण पाठ के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों का संदेश दिया गया। शासन के निर्देश पर अध्यक्ष न्यायिक उपजिलाधिकारी पट्टी सीमा भारती एवं अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत ढकवा अमित सिंह के द्वारा रामायण पाठ का आयोजन किया गया। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में राज्यपाल द्वारा मनोनीत सभासद शिवाकांत पांडेय ने संकल्प लेकर यजमान की भूमिका निभाई। वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। रामायण पाठ के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सत्य, धर्म, त्याग, मर्यादा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिली। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का महत्वपूर्ण आधार है। उनके जीवन एवं रचनाओं से समाज को सदैव प्रेरणा मिलती रही है। धार्मिक अनुष्ठान के समापन के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। उपस्थित लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया और भगवान श्रीराम का स्मरण किया। नगर पंचायत ढकवा में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूती प्रदान की। राम जानकी मंदिर में आयोजित रामायण पाठ से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर सभासद गण एवं नगर पंचायत कर्मचारियों के साथ-साथ क्षेत्र के संभ्रांत लोग भी उपस्थित रहे।