गांधी जयंती पर स्वच्छता का लिया संकल्प, प्रशिक्षणार्थियों ने चलाया सफाई अभियान
सिंगरामऊ के डीडीयू-जीकेवाई 2.0 प्रशिक्षण केंद्र में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई
सिंगरामऊ, जौनपुर। सामाजिक संस्था ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति, सिंगरामऊ जौनपुर द्वारा संचालित डीडीयू-जीकेवाई 2.0 आवासीय प्रशिक्षण केंद्र, बदलापुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर स्वच्छता का संकल्प लेते हुए परिसर में सफाई अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मां दुर्गा जी महाविद्यालय के प्रबंधक श्री सूर्य प्रकाश सिंह ‘मुन्ना’ ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से दोनों महान विभूतियों के पदचिह्नों पर चलने तथा उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। इस अवसर पर उपेंद्र सिंह एवं सूर्यांश सिंह ने भी गोष्ठी को संबोधित किया।

संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह ने चार माह के फैशन डिजाइनिंग कोर्स के सभी प्रशिक्षणार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने का संकल्प दिलाया। इसके बाद परियोजना से जुड़े कर्मचारियों, संस्था के कार्यकर्ताओं एवं प्रशिक्षणार्थियों ने सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया और परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान दिया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन सुरेश त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से महेंद्र शुक्ला, रचन नंदा, रितिका सिंह, अंकिता सिंह, सौम्या सिंह, लालमणि मिश्रा, शीला पाल, जागृति सिंह सहित संस्था के कार्यकर्ता एवं सभी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया गया।


