फायरिंग में घायल युवक मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
अखण्डनगर के सरावां गांव में हुई थी घटना, तमंचा और कारतूस बरामद; दो वांछित आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम
अखण्डनगर। थाना क्षेत्र के सरावां गांव में 23 सितंबर को राजन गौतम को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस के अनुसार, सरावां गांव में राजन गौतम को अवैध असलहे से फायर कर घायल किया गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी अखंडनगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल सुलतानपुर और फिर बेहतर उपचार के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक घायल की हालत सामान्य है।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं। जांच के दौरान पुलिस ने शिवम राजभर पुत्र मनोज राजभर निवासी सरावां को ग्राम उमरी स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 12 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं।
ग्राम प्रधानी चुनाव की रंजिश में हुई फायरिंग
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि राजन गौतम और शुभम शुक्ला के बीच आगामी ग्राम प्रधानी चुनाव को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक कन्हैया कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल राकेश राजपूत, अरुण रावत, अनिल मौर्या और कमलसेन शामिल रहे।