टीन शेड लगाते समय 33 हजार वोल्ट की लाइन से बड़ा हादसा*
प्रवक्ता समेत तीन झुलसे, हादसे में पुत्र और मिस्त्री शामिल*
*जौनपुर। जगदीशपुर चौराहा स्थित सिंह कोल्ड स्टोर के पास एक कॉलोनी में गुरुवार को टीन शेड लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से तिलकधारी विधि महाविद्यालय के प्रवक्ता ज्ञान प्रकाश सिंह, उनके 18 वर्षीय पुत्र प्रांजल सिंह तथा मिस्त्री महेंद्र कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि ज्ञान प्रकाश सिंह अपने मकान के सामने टीन शेड लगवा रहे थे। इसी दौरान उनका पुत्र प्रांजल सिंह और मिस्त्री महेंद्र कुमार भी काम में जुटे थे। टीन शेड को ऊपर उठाते समय वह मकान के ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। हाईटेंशन तार के संपर्क में आते ही तीनों करंट की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनके शरीर से चिंगारी निकलने के साथ आग की लपटें भी उठने लगीं।
हादसा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बांस व डंडे की मदद से किसी तरह तीनों को विद्युत तार से अलग किया। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से झुलसे ज्ञान प्रकाश सिंह के हाथ-पैरों में गहरी चोटें आई हैं। ऑपरेशन के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, प्रांजल सिंह और महेंद्र कुमार का जौनपुर स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
*आबादी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को लेकर आक्रोश*
स्थानीय लोगों के मुताबिक संबंधित कॉलोनी में करीब 20 से 25 मकान बने हुए हैं और इनके बीच से 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। लोगों का आरोप है कि लाइन को अंडरग्राउंड कराने अथवा आबादी से बाहर स्थानांतरित करने की मांग को लेकर विद्युत विभाग से कई बार मौखिक और लिखित शिकायत की गई, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी है। लोगों ने आबादी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने या सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो।