*विकसित उत्तर प्रदेश @ 2047 : संकल्प से समृद्धि की ओर*
*प्रदेश सरकार ने मांगे जनता के बहुमूल्य सुझाव*
*********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ/लखनऊ। उत्तर प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के संकल्प के तहत प्रदेश सरकार ने नागरिकों से बहुमूल्य सुझाव आमंत्रित किए हैं। “विकसित उत्तर प्रदेश @ 2047 – संकल्प से समृद्धि तक” अभियान के अंतर्गत राज्य सरकार ने एक विशेष सुझाव पोर्टल लॉन्च किया है, जहां आम नागरिक अपने विचार और सुझाव साझा कर सकते हैं।
सरकार का कहना है कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए जनता की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, ऊर्जा, पर्यावरण, रोजगार, बुनियादी ढांचा और सुशासन जैसे क्षेत्रों में प्राप्त सुझावों को नीति निर्माण में शामिल किया जाएगा।
अभियान को जमीनी स्तर तक ले जाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी पहल शुरू की गई है। आदेश के अनुपालन में जमऊपट्टी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमलेश उपाध्याय एवं उनकी टीम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर घर-घर जाकर नागरिकों की राय और फीडबैक एकत्र करना शुरू कर दिया है। प्राप्त सुझावों को नागरिकों के मोबाइल नंबर सहित पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है।
राज्य सरकार ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे आगे बढ़कर अपने विचार साझा करें और “विकसित उत्तर प्रदेश – 2047 के सपने” को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
