*मोबाइल शोरूम से आईफोन चोरी के आरोप में दो सिपाही सस्पेंड*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। जनपद में पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाला मामला सामने आया है। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के जेसीज चौराहे स्थित एक मोबाइल शोरूम से आईफोन चोरी करने के आरोप में दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार 7 फरवरी की दोपहर करीब दो बजे दो सिपाही मोबाइल खरीदने के बहाने शोरूम पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद महिला स्टाफ से आईफोन दिखाने को कहा और करीब 20 मिनट तक मोबाइल देखते रहे। इसी दौरान एक सिपाही ने चालाकी से अपना पुराना आईफोन-13 प्रो काउंटर पर रख दिया और नया आईफोन-15 मैक्स चुपके से अपनी जेब में रख लिया। इसके बाद दोनों यह कहकर दुकान से निकल गए कि मोबाइल पसंद नहीं आया।
कुछ देर बाद दुकानदार शिवम को मोबाइल गायब होने का शक हुआ। जब उन्होंने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो पूरी घटना कैमरे में कैद मिली, जिसमें सिपाही मोबाइल चोरी करते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। चोरी किए गए आईफोन की कीमत करीब 1 लाख 62 हजार रुपये बताई गई है।
दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज अपने व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया, जिसके बाद आरोपियों की पहचान पुलिसकर्मियों के रूप में हुई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और थाने में दोनों सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
बताया गया कि आरोपित सिपाहियों में से एक पहले दुकानदार की दुकान के ऊपर चल रही डिजिटल लाइब्रेरी में पढ़ाई के लिए आया-जाया करता था, जिससे दुकानदार उन्हें पहचानता था। दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज लेकर एसपी सिटी से मुलाकात की, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों सिपाहियों धनंजय बिन्द और मिथिलेश यादव को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
